जसरा ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा

संवाददाता- अजय पांडे प्रयागराज

प्रयागराज जनपद के यमुनापार क्षेत्र के जसरा ब्लॉक मे मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति की ऐसी मिसाल पेश की, जिसे आने वाले वर्षों तक याद रखा जाएगा। “हर-घर तिरंगा” अभियान के तहत ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह उर्फ पप्पू के नेतृत्व में निकली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में लोगों का जोश देखते ही बन रहा था। जसरा के मुख्य बाजार से लेकर गांव-गांव तक तिरंगे के रंग में रंगा नज़ारा लोगों के दिलों में गर्व भर रहा था। सुबह से ही जसरा ब्लॉक पर भीड़ उमड़ने लगी थी। हाथों में तिरंगे, छतों और दुकानों पर लहराते झंडे, और गलियों में गूंजते “भारत माता की जय” व “वंदे मातरम” के नारों ने वातावरण को पूरी तरह राष्ट्रभक्ति में डुबो दिया। यात्रा में शामिल महिलाएं, बुजुर्ग,युवा और बच्चे सभी उत्साह से कदम से कदम मिलाते चल रहे थे। यात्रा जसरा ब्लॉक मुख्यालय से रवाना होकर प्रमुख मार्गों से गुज़री, जहां स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। जगह-जगह देशभक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर माहौल और भी जोशीला हो गया। ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह उर्फ पप्पू ने कहा,”तिरंगा केवल एक झंडा नहीं,बल्कि यह हमारी आज़ादी,एकता और बलिदान की पहचान है। इस यात्रा का उद्देश्य हर घर पर तिरंगा फहराने और देश के प्रति गर्व की भावना को जागृत करना है।”सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल पूरे समय मुस्तैद रहा,जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में सम्पन्न हुई। इस भव्य आयोजन ने जसरा ब्लॉक को न केवल स्वतंत्रता दिवस का अग्रदूत बना दिया, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए देशभक्ति की एक अमिट छाप भी छोड़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *