विधानसभा में गूंजा बारा का दर्द: डॉ. वॉचस्पति ने उठाए पानी,पुल, रोजगार व आरक्षण के मुद्दे!

●बजट सत्र में बारा की तस्वीर पेश, विकास को लेकर सरकार से ठोस मांग

●स्थायी पुल से एम्स तक की मांग, बारा विधायक ने रखी विकास की पूरी रूपरेखा

*संवाददाता:- अजय पांडे प्रयागराज*

बारा प्रयागराज। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र 2026-27 के दौरान बारा विधानसभा क्षेत्र की आवाज सदन में जोरदार ढंग से गूंजी। बारा विधायक डॉ.वॉचस्पति ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को तथ्यात्मक और मुखर अंदाज में उठाते हुए कहा कि “जनसेवा हमारा लक्ष्य है,राजनीति सिर्फ माध्यम।”
उन्होंने पहाड़ी क्षेत्र बारा में गर्मी के दौरान गहराने वाले पेयजल संकट, जर्जर सड़कों और अनियमित बिजली आपूर्ति का मुद्दा उठाया। बेलामुंडी सड़क के दो दशकों से खराब होने का उल्लेख करते हुए इसके शीघ्र जीर्णोद्धार की मांग की। कौशांबी को जोड़ने वाले प्रतापपुर पीपा पुल के स्थान पर स्थायी पुल निर्माण की आवश्यकता दोहराई।
विधायक ने नारीबारी को ब्लॉक और जारी बाजार को टाउन एरिया घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। बारा क्षेत्र में राजकीय बालिका डिग्री कॉलेज के अभाव को गंभीर बताते हुए राजकीय महाविद्यालय की स्थापना की मांग की।
एनटीपीसी परियोजना से निकलने वाली राख व दूषित पानी से खेतों के बंजर होने और बीमारियों में वृद्धि का मुद्दा उठाते हुए एम्स की स्थापना तथा पांच किलोमीटर दायरे के युवाओं को रोजगार देने की मांग की। पाल समाज के भेड़ पालकों के लिए ऊन क्रय केंद्र स्थापित करने,सोनवै (शंकरगढ़) में बिरसा मुंडा की मूर्ति के जीर्णोद्धार और प्रयागराज में महाराजा बिजली पासी की प्रतिमा स्थापित करने की भी मांग की। निषाद समाज को दलित आरक्षण देने का मुद्दा भी सदन में रखा गया।
चित्रकूट के बरगढ़ में व्यापारी पुत्र आयुष केसरवानी की हत्या पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया। विधायक ने कहा कि क्षेत्रीय विकास के लिए ठोस बजटीय प्रावधान जरूरी हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सदन में उठाए गए मुद्दों का वीडियो देखकर पारदर्शिता का आकलन कर सकते हैं। अब निगाहें सरकार की प्रतिक्रिया और बजटीय निर्णयों पर टिकी हैं।
विधानसभा के बजट सत्र में बारा क्षेत्र की समस्याएं उठाते विधायक डॉ.वॉचस्पति।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *