बिल्हौर थाना निर्माण में कमियां मिली, जिलाधिकारी ने सुधारने के दिये निर्देश

कानपुर नगर। अंशु कुमार

बिल्हौर क्षेत्र में निर्माणाधीन थाना भवन एवं आवासीय परिसर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माण कार्य में कमियां पकड़ते हुए कार्यदायी संस्था को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य निर्धारित समयसीमा में ही पूर्ण होना चाहिए।

गृह विभाग के तहत थानों के आधुनिकीकरण योजना में शामिल इस परियोजना के लिए शासन द्वारा करीब 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 19 दिसंबर 2024 से शुरू हुआ निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्तमान में अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की बारीकी से जांच की। इस दौरान दरवाजों, कब्जों और फिनिशिंग से जुड़ी खामियां सामने आईं, जिन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश सी एंड डी एस यूनिट-05, जल निगम (नगरीय), कानपुर के अधिकारियों को दिए गए।

परियोजना के अंतर्गत थाना परिसर का निर्माण आधुनिक मॉडल डिजाइन के अनुरूप किया जा रहा है, जबकि आवासीय परिसर में टाइप-बी के लगभग 26 आवास बनाए जा रहे हैं। आवासीय भवनों पर करीब 8.80 करोड़ रुपये और अनावासीय भवनों पर लगभग 7.65 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने थाना परिसर को जीटी रोड से जोड़ने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-2) को दिए। उन्होंने कहा कि इससे आमजन और पुलिस पेट्रोलिंग के लिए आवागमन सुगम होगा।

उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, जिससे पुलिस बल को बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अखण्डेश्वर, सीएंडडीएस के परियोजना अधिकारी सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *