रविशंकर सिंह की रिपोर्ट
10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली तेज हवा, महराजगंज में बारिश से 50 प्रतिशत फसल गिरने का अनुमान
रायबरेली/हलोरा। अर्नब चक्रवात का असर जिले में भी दिखने लगा है। बृहस्पतिवार सुबह बदली छाने के साथ कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। महराजगंज क्षेत्र में बारिश के साथ तेज हवा चलने से धान की तैयार फसल खेतों में गिर गई। हलोर, पुरासी, जमुरावां, भटसरा और कक्केपुर समेत कई गांवों में करीब 50 प्रतिशत फसल गिरने का अनुमान है। कटाई से ठीक पहले मौसम की मार पड़ने से किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सताने लगी है।
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही बचाव संबंधी निर्देश जारी किए थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे जिले के कई हिस्सों में आधे घंटे तक बूंदाबांदी हुई। इस दौरान करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली। महराजगंज क्षेत्र में हवा की तेजी के साथ बारिश ने खेतों में खड़ी धान की फसल को गिरा दिया।
किसान रामसागर चौधरी, उमाकांत पांडेय, श्रवण चौधरी, ओम प्रकाश मिश्रा, शिवमोहन तिवारी और केशवानंद त्रिपाठी ने बताया कि धान पककर तैयार होने की स्थिति में है। जल्द ही कटाई शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने का खतरा पैदा कर दिया है। फसल तैयार करने में खाद, बीज, सिंचाई और मजदूरी पर काफी खर्च हुआ है।
फसल गिरने से कटाई करना होगा मुश्किल
महराजगंज। खेतों में गिरी धान की फसल की कटाई करना किसानों के लिए चुनौती बन गई है। यदि मौसम खराब बना रहा तो फसल की गुणवत्ता और पैदावार पर भी असर पड़ सकता है। महीनों की मेहनत और पूंजी दांव पर लगने से किसान चिंतित हैं।
2026-10-30











