


कानपुर हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (HBTU) में गणतंत्र दिवस का पर्व बड़े ही धूमधाम और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शमशेर सिंह ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात कुलपति ने अपने सारगर्भित संबोधन में 26 जनवरी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे समस्त भारतीयों के लिए गर्व और आत्मनिरीक्षण का दिन बताया। तत्पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह में देशप्रेम का संचार किया। इसके साथ ही, 26 जनवरी के उपलक्ष्य में ‘रन फॉर पीस’ (Run for Peace) का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 350 लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौड़ प्रतियोगिता में विजयी रहे छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण एचबीटीयू क्रिकेट टूर्नामेंट 2025-26 का पुरस्कार वितरण समारोह रहा, जिसमें खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना को सम्मानित किया गया।
इस वर्ष के क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबला प्रो. अश्वनी कुमार राठौर के नेतृत्व वाली ‘वीसी टाइटन्स’ (VC Titans) और प्रो. पी.के.एस. यादव के नेतृत्व वाली ‘वीसी लायन्स’ (VC Lions) के बीच खेला गया था। प्रो. राठौर की अगुवाई में ‘वीसी टाइटन्स’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, प्रो. पी.के.एस. यादव की कप्तानी में ‘वीसी लायन्स’ ने कड़े संघर्ष के बाद उपविजेता (Runner-up) का स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम के खिलाड़ी प्रशांत मिश्रा को उनके फाइनल और पूरे टूर्नामेंट में योगदान के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ और ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के खिताब से नवाजा गया।
गणतंत्र दिवस समारोह के मंच पर कुलपति प्रो. शमशेर सर ने विजेता और उपविजेता दोनों टीमों के सदस्यों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।











