ई-रिक्शा सवार महिला के गले से अपाचे सवार बदमाशों ने झपटी सोने की चेन

दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप,112 पर सूचना के बाद पुलिस जांच में जुटी

संवाददाता: अजय पांडे प्रयागराज

प्रयागराज जनपद के घूरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई छिनैती की वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। ई-रिक्शा से ससुराल जा रही एक महिला के गले से अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों में रोष व्याप्त है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बिरवल गांव निवासी अजय पांडे के घर सोमवार को धार्मिक आयोजन था। कार्यक्रम में शामिल होने उनकी पुत्री सविता मायके आई थीं। मंगलवार को अजय पांडे का पुत्र लोकेश कुमार पांडेय अपनी बहन को ई-रिक्शा से घूरपुर बाजार छोड़ने जा रहा था, जहां से उन्हें ससुराल के लिए रवाना होना था। पीड़िता के अनुसार ई-रिक्शा जैसे ही भीटा गांव स्थित अनन्त राम द्विवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पास पहुंचा,पीछे से काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो युवक तेजी से आए। पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर सविता के गले से सोने की चेन खींच ली। घटना इतनी अचानक हुई कि ई-रिक्शा चालक और परिजन संभल भी नहीं पाए। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष के अनुसार छीनी गई चेन काफी कीमती थी। घटना के तुरंत बाद 112 पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास छानबीन की,लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। सूचना पर थाना प्रभारी घूरपुर दिनेश सिंह एवं एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
घटना से महिला सहमी हुई हैं। दिनदहाड़े इस तरह की छिनैती से क्षेत्रीय लोगों में भय का माहौल है। पीड़िता के भाई लोकेश कुमार ने घूरपुर थाने में तहरीर देकर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
उक्त प्रकरण में एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया प्रार्थना पत्र मिला है प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर टीम गठित कर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *