सेप्टिक टैंक सफाई हादसे का राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने लिया संज्ञान

उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने पीड़ित परिवार से मिलकर जाना हाल, ठेकेदार की लापरवाही पर दर्ज हुई एफआईआर

कानपुर नगर-: अंशु कुमार

कल्याणपुर क्षेत्र के गोवा गार्डन स्थित अपार्टमेंट में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान दो सफाई कर्मियों की मौत के मामले को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग ने गंभीरता से लिया है। सोमवार को आयोग के उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल कानपुर पहुंचे और पीड़ित परिवार से उनके आवास पर मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उपाध्यक्ष हरदीप सिंह गिल ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही आयोग की ओर से तत्काल जिला प्रशासन को पत्र जारी कर संज्ञान लिया गया था और अब मौके पर आकर पूरे प्रकरण की समीक्षा की गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और प्रारंभिक जांच में ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान “हाथ से मैला उठाने की प्रथा का प्रतिषेध एवं उनका पुनर्वास अधिनियम, 2013” के तहत निर्धारित सुरक्षा प्रावधानों का पालन नहीं किया गया। इस कानून में जिन सुरक्षा उपकरणों और यांत्रिक साधनों के उपयोग का प्रावधान है, उनका इस्तेमाल नहीं किया गया, जो गंभीर लापरवाही है। इसी आधार पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।

उपाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है। साथ ही परिवार के पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को शासन की सभी पात्र सहायता योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों, इसके लिए आयोग की ओर से पुलिस प्रशासन, नगर निगम और जिला प्रशासन को जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के कार्यों में आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान सदस्य दिशा राज्य स्तरीय समिति, उ.प्र. शासन राजू बाल्मीकि, अपर जिला मजिस्ट्रेट, सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर, अपर नगर आयुक्त (प्रथम) नगर निगम तथा महाप्रबंधक जलकल विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस में सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई कर्मियों की सुरक्षा और कार्य परिस्थितियों पर चर्चा की गई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपायों पर विचार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *