कानपुर नगर – महाराजपुर :- संजय सिंह
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के भेवली गांव में सोमवार को पारिवारिक कलह के चलते एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
दोपहर में हुआ विवाद, शाम को वारदात…
परिजनों के अनुसार, आरोपी हरिपाल पिछले करीब एक सप्ताह से शराब के नशे में घर पर विवाद कर रहा था। बताया गया कि उसकी पत्नी रामदेवी ने एक सूअर पाल रखा था, जिसे हरिपाल ने चार दिन पहले बेच दिया और उसी पैसे से शराब पीकर घर में कलह कर रहा था।
सोमवार शाम करीब चार बजे रामदेवी अपनी बेटी राधा व अन्य लोगों के साथ खेतों में गेहूं काटने गई थी। इसी दौरान राधा पास में गेहूं काट रही थी, जबकि रामदेवी खेत में लगी सब्जियों की निराई कर रही थी। आरोप है कि तभी अरहर के खेत में पहले से छिपे हरिपाल ने पीछे से आकर मोटे डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग और बेटी बचाने दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी महिला को गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजनों ने गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतका के परिवार में दो बेटे विनीत और मनीष तथा दो बेटियां राधा और निधि हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका का मायका महाराजपुर थाना क्षेत्र के फुफुवार गांव में है, जहां घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष में आक्रोश फैल गया।
पुलिस जुटी जांच में…
वहीं, इस संबंध में महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि भेवली गांव में महिला की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है। आरोपी पति फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।











