भीटा हत्याकांड: पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाया जाम

संवाददाता अजय पांडे प्रयागराज

प्रयागराज। घूरपुर थाना क्षेत्र के भीटा गांव में युवक की निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। पोस्टमार्टम के बाद जब मृतक का शव घर पहुंचा तो आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घूरपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार को सुरक्षा देने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार भीटा गांव निवासी राजेश प्रजापति (32 वर्ष) पुत्र गमलाल प्रजापति का शव बुधवार सुबह घर से लगभग सौ मीटर दूर सड़क किनारे मिला था। ग्रामीण जब सुबह टहलने निकले तो उन्होंने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे और शव के पास खून से सना एक बड़ा पत्थर भी पड़ा मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या की गई।

घटना की सूचना पर घूरपुर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पत्नी पार्वती देवी ने पड़ोस में रहने वाले चंदन भारतीय पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि चंदन भारतीय आए दिन राजेश को जान से मारने की धमकी देता था। पत्नी के अनुसार इसी रंजिश के चलते उनके पति की हत्या की गई है।

मृतक के चाचा भैयालाल ने भी हत्या के पीछे पड़ोसी का हाथ होने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि जमीन विवाद को लेकर कई बार दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हो चुका था। उनका आरोप है कि इसी विवाद के चलते राजेश की हत्या की गई।

राजेश की मौत की खबर सुनकर पिता गमलाल प्रजापति का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री खुशबू और एक पुत्र श्लोक को छोड़ गया है। परिवार के सामने अब पालन-पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विजय आनंद ने बताया कि भीटा गांव में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा एक व्यक्ति पर आरोप लगाया गया है और जमीन विवाद की बात सामने आई है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने घूरपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद जाम समाप्त कराया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *