आचार्य बृज बिहारी करा रहे कथा का रसपान,1 दिसंबर को होगा विशाल भंडारा
धरा गांव हुआ भक्तिमय-सिर पर कलश,मुख पर मंगल गीत,हर घर में गूंजा राधे-राधे!
संवाददाता-अजय पांडे प्रयागराज
प्रयागराज।जनपद के यमुनानगर बारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा धरा में श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन कलश यात्रा के साथ मंगलवार से शुरू हो गया।कलश यात्रा कथा स्थल से शुरू होकर पूरे गांव का भ्रमण करते हुए झगरा बारिया नदी पहुंची और वापस कथा स्थल पर संपन्न हुई।24 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक सात दिवसीय इस ज्ञान यज्ञ में वृंदावन वाले सुप्रसिद्ध कथा व्यास आचार्य बृज बिहारी तिवारी जी महाराज के मुखारविंद से भागवत कथा का अमृतपान कराया जा रहा है।
कलश यात्रा से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ 24 नवंबर को भव्य कलश यात्रा से हुआ। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश लेकर,मंगल गीत गाती हुई गांव का भ्रमण किया। पूरा गांव भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा के बाद विधि-विधान से कथा का शुभारंभ हुआ।कलश यात्रा के दौरान एसीपी बारा वेद व्यास मिश्रा मौजूद रहे।
रोज होगी अमृत कथा
24 नवंबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन कथा का आयोजन होगा। कथा व्यास आचार्य बृज बिहारी तिवारी जी महाराज भागवत के विभिन्न प्रसंगों भागवत महात्म्य, श्रीकृष्ण जन्म,बाल लीला,गोवर्धन लीला,रास लीला,ध्रुव चरित्र,प्रहलाद चरित्र,रुक्मणी विवाह,गीता ज्ञान और सुदामा चरित्र आदि का सरस वर्णन करेंगे।
1 दिसंबर को होगी पूर्णाहुति व भंडारा
सात दिवसीय कथा के समापन के बाद 1 दिसंबर 2026,मंगलवार को पूर्णाहुति,हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की व्यवस्था की गई है।
इस ज्ञान यज्ञ के मुख्य यजमान वीरेंद्र प्रसाद पाण्डेय एवं गुलाब कली पाण्डेय होंगे। आयोजक नीरज पाण्डेय, समस्त पाण्डेय परिवार एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहेगा।आयोजकों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि इस पुण्य अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण करें और पुण्य के भागी बनें। आयोजन में समस्त क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहेगी।
2026-11-24











