आदि गुरु महर्षि सुपच सुदर्शन जी का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न, जनवरी 2027 में धर्मशाला निर्माण को लेकर होगा भव्य सम्मेलन!
ऊँच-नीच सब जाति कुकुर की पहचान,
पांडव यज्ञ सफल भयो जब सुपच बिराजे आन।
कानपुर नगर। वाल्मीकि सुदर्शन धर्मशाला समिति के तत्वावधान में द्वितीय आदि गुरु महर्षि सुपच सुदर्शन जी का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने महर्षि जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आरती एवं विधिवत पूजा-अर्चना की तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महर्षि सुपच सुदर्शन से जुड़ी महाभारत काल की प्रेरणादायक कथा का भी वर्णन किया गया। मान्यता के अनुसार, महाभारत युद्ध के बाद आयोजित यज्ञ में सभी के सम्मिलित होने के बावजूद यज्ञ की पूर्णता नहीं हो पा रही थी। बताया गया कि महर्षि सुपच सुदर्शन जी के आगमन के बिना यज्ञ सफल नहीं हो सकता। भगवान श्रीकृष्ण के निर्देश पर भीम उन्हें आमंत्रित करने पहुंचे। महर्षि जी ने अपना कमंडल उतारकर लाने को कहा, लेकिन बलशाली भीम अपनी पूरी ताकत लगाने के बावजूद उसे उठा नहीं सके। अंततः महर्षि जी स्वयं यज्ञ में पहुंचे और उनके आगमन के बाद आकाशीय घंटा बजा तथा यज्ञ संपन्न हुआ। इस प्रसंग के माध्यम से समाज में समानता, सम्मान, सामाजिक समरसता और मानवता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के महामंत्री विनोद कुमार ने बताया कि जनवरी 2027 में धर्मशाला परिसर में एक भव्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य धर्मशाला निर्माण कार्य को गति देना तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़कर सहयोग एवं सहभागिता के लिए प्रेरित करना है।
इस दौरान प्रकाश हज़ारिया, मुन्ना पहलवान, मुन्ना हज़ारिया, राम स्वरूप, बबलू खोटे, घनश्याम गहरवार, राकेश ताराचंद्र, ब्रजेंद्र माकोरिया, सुनील लोहिया, दिनेश सुदर्शन, राजेश तिलकधारी, मनोज सुदर्शन, देशराज वाल्मीकि, रामगोपाल समुंद्र, मिंटू हज़ारिया, ज्योति प्रकाश हज़ारिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
2026-11-24











