महाराजपुर में धारदार हथियार से किसान की हत्या, पारिवारिक भतीजे पर आरोप; छ नामजद सहित एक अज्ञात पर FIR, जांच में जुटी पुलिस

महाराजपुर – संजय सिंह

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में एक युवक की धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पारिवारिक भतीजे समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की पत्नी ने दी जानकारी…

मृतक की पत्नी किसाना ने बताया कि रोज की तरह उनके पति कालीशंकर बुधवार रात करीब 9 बजे भोजन करने के बाद घर से लगभग दो सौ मीटर दूर स्थित शिव मंदिर पर बैठने चले गए थे। रात करीब 10:30 बजे देवरानी रामदुलारी ने घर पहुंचकर सूचना दी कि कालीशंकर शिव मंदिर के पास खून से लथपथ पड़े हैं। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनकी गर्दन पर गंभीर चोट के निशान थे और काफी खून बह चुका था।

परिजन उन्हें तत्काल कांशीराम अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हैलट पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों ने पारिवारिक भतीजे पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक की बड़ी बेटी निशा ने बताया कि चार दिन पहले परिवार के सभी लोग घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान परिवार के दादा राम कुमारे के 20 वर्षीय बेटे शुभम ने रास्ते में बैठकर मोबाइल पर तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने शुरू कर दिए। इस पर उनके पिता कालीशंकर ने उसे आवाज कम करने के लिए कहा था। आरोप है कि इस बात पर शुभम गाली-गलौज करने लगा और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

निशा का आरोप है कि शुभम ने ही उनके पिता की हत्या की है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी जिस दिशा में भागा, वहां तक खून के निशान भी मिले हैं।

चार दिन पूर्व हुई थी कहासुनी…

परिजनों के अनुसार, चार दिन पहले तेज आवाज में मोबाइल पर गाने बजाने को लेकर मृतक और आरोपी के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।

खेती-किसानी कर चलाते थे परिवार
मृतक कालीशंकर किसान थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में उनकी मां शांति, पत्नी किसाना, तीन बेटियां निशा, मनीषा और शगुन तथा सबसे छोटा बेटा राज है। कालीशंकर अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे। उनके बड़े भाई और पिता रामऔतार की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।

फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य…

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, एसीपी चकेरी तथा महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का मुखबिर था मृतक, ग्रामीणों में रही चर्चा…

ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि मृतक कालीशंकर पुलिस का मुखबिर था। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।

डीसीपी पूर्वी का बयान…

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि बुधवार रात करीब 11:20 बजे डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई थी कि महाराजपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में एक युवक के गले पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से युवक को हैलट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर परिवार के चार लोगों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

छह नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज…

इस मामले में मृतक की बड़ी बेटी निशा की तहरीर पर हत्या के आरोप में सूरज पुत्र भीखा, शुभम पुत्र राम कुमारे, सरदार, रविंदर पुत्र रामपाल, गामा, बेचेलाल तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *