यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: योगी सरकार ने मंत्रियों के जिला प्रभार बदले, कई नए चेहरों को मिली अहम जिम्मेदारी!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में व्यापक फेरबदल किया है। हाल ही में कैबिनेट में शामिल किए गए नए मंत्रियों को भी महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कई वरिष्ठ मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में भी बदलाव किया गया है। इस कदम को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक और संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
सरकारी आदेश के अनुसार जयवीर सिंह, बेबी रानी मौर्य समेत कई मंत्रियों के जिलों में बदलाव किया गया है। मंत्री भूपेंद्र चौधरी को आगरा और कासगंज का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं हाल ही में कैबिनेट में शामिल हुए मनोज पांडेय को सीतापुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अजीत पाल को फतेहपुर, समेन्द्र तोमर को मुजफ्फरनगर, हंसराज विश्वकर्मा को सोनभद्र और सुरेन्द्र दलेर को बुलंदशहर का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।
नई सूची के अनुसार वरिष्ठ मंत्रियों को भी महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। सूर्य प्रताप शाही को अयोध्या और बस्ती, सुरेश कुमार खन्ना को वाराणसी और लखनऊ, स्वतंत्र देव सिंह को प्रयागराज और गोरखपुर, बेबी रानी मौर्य को इटावा और हाथरस, लक्ष्मी नारायण चौधरी को अलीगढ़ और फिरोजाबाद तथा जयवीर सिंह को झांसी और फर्रुखाबाद का प्रभार मिला है।
इसके अलावा धर्मपाल सिंह को गाज़ियाबाद और रामपुर, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ को मिर्जापुर और चित्रकूट, अनिल राजभर को आजमगढ़ और सिद्धार्थनगर, राकेश सचान को रायबरेली और कन्नौज, अरविंद कुमार शर्मा को जौनपुर और भदोही तथा योगेन्द्र उपाध्याय को कानपुर नगर का प्रभार दिया गया है।
राज्य मंत्रियों में भी बड़ा बदलाव किया गया है। स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों में नितिन अग्रवाल को लखीमपुर खीरी, कपिल देव अग्रवाल को बिजनौर, रविंद्र जायसवाल को गाजीपुर, सतीश शर्मा को मथुरा, गुलाब देवी को अमरोहा, गिरीश चन्द्र यादव को सुल्तानपुर और धर्मवीर प्रजापति को मैनपुरी की जिम्मेदारी दी गई है। असीम अरुण को हरदोई और मेरठ, जेपीएस राठौर को संभल और बरेली, दयाशंकर सिंह को देवरिया और मऊ, नरेन्द्र कुमार कश्यप को शाहजहांपुर और दिनेश प्रताप सिंह को बांदा व बहराइच का प्रभार मिला है।
इसी तरह अरुण कुमार सक्सेना को बदायूं, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ को बलिया और महराजगंज, जबकि मयंकेश्वर शरण सिंह को प्रतापगढ़ का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। अन्य मंत्रियों में दिनेश खटीक को शामली, संजीव गोंड को चंदौली, बलदेव सिंह ओलख को पीलीभीत, जसवंत सिंह सैनी को बागपत, रामकेश निषाद को हमीरपुर, मनोहर लाल मन्नू कोरी को महोबा, संजय सिंह गंगवार को जालौन, बृजेश सिंह को गौतमबुद्धनगर, केपी मलिक को हापुड़, सुरेश राही को बाराबंकी, प्रतिभा शुक्ला को अमेठी, राकेश राठौर को औरैया, रजनी तिवारी को उन्नाव, सतीश चन्द्र शर्मा को बलरामपुर, दानिश आजाद अंसारी को ललितपुर, विजय लक्ष्मी गौतम को संतकबीरनगर, कृष्णा पासवान को कौशांबी और कैलाश सिंह राजपूत को एटा जिले का प्रभार सौंपा गया है।
सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक सक्रियता बढ़ाने और जिलों में विकास कार्यों की निगरानी को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *