लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साह के साथ मनाई गई।

रविशंकर सिंह कि रिपोर्ट

अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा एवं सरदार वल्लभभाई पटेल सेवा संस्थान, रायबरेली के संयुक्त तत्वावधान में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में सरदार पटेल संस्थान के प्रांगण में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
जयंती समारोह को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय सचिव मानसिंह पटेल ने कहा कि आज हम जिस विशाल और अखंड भारत का स्वरूप देख रहे हैं, उसके निर्माण में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का अतुलनीय योगदान है। उन्होंने देश की 565 से अधिक देशी रियासतों का विलय कर उन्हें एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया और अखंड भारत के निर्माण की मजबूत नींव रखी। उनका अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्री पटेल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज हम सरदार पटेल की विरासत और उनके द्वारा स्थापित राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के मूल्यों को अपेक्षित मजबूती के साथ आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं। देश की सीमाओं पर पड़ोसी देशों की ओर से लगातार उत्पन्न होने वाली चुनौतियां राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे समय में सरदार पटेल की दूरदर्शिता, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की भावना से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
उन्होंने आगे कहा कि रायबरेली के स्थानीय सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी से सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा सरदार पटेल संस्थान के प्रांगण में स्थापित कराए जाने की मांग की गई थी, लेकिन इस महत्वपूर्ण मांग पर अपेक्षित गंभीरता न दिखाया जाना सरदार पटेल के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि इस ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, जिससे आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरणा ले सकें।
समारोह में महासभा के जिलाध्यक्ष जयकरण वर्मा एवं जिला महासचिव दुर्गेंद्र वर्मा एडवोकेट ने सरदार पटेल के जीवन संघर्ष, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान तथा देश की एकता और अखंडता के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अखिल भारतीय अपना दल के जिलाध्यक्ष जवाहरलाल पटेल ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जिस प्रकार जर्मनी के एकीकरण में बिस्मार्क की ऐतिहासिक भूमिका रही, उसी प्रकार भारत के एकीकरण में सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। उनके महान व्यक्तित्व के कारण ही उन्हें भारत का लौह पुरुष कहा जाता है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में उपस्थित गणमान्य लोगों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर अखिल भारतीय अपना दल के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण पासवान, मंडल प्रभारी करुणा शंकर पटेल, महासभा के प्रदेश सचिव देवेश पटेल, जिला उपाध्यक्ष पवन पटेल,  बद्री विशाल पटेल, राकेश पटेल राम सिंह पटेल, जिला कोषाध्यक्ष सुशील पटेल, जिला सचिव उमेश पटेल, चौधरी प्रदीप कुमार सिंह एडवोकेट, मुकेश पटेल, रमाकांत पटेल, दिलीप पटेल आलोक पटेल,  अनिकेत पटेल, सचिन कुमार पटेल, दीपक पटेल, संगठन मंत्री मदन पटेल, सचिन पटेल बादशाह, आशीष पटेल, रविकांत पटेल, शिवांशु पटेल  , विमलेश पटेल , राहुल वर्मा , धर्मराज पटेल , पवन वर्मा एडवोकेट , सुरेन्द्र वर्मा   सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *