संजय सिंह की रिपोर्ट
सरसौल। महराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महोली कोल्ड स्टोरेज मोड़ के पास हाइवे किनारे एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह लगभग 8 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर महोली स्थित कोल्ड स्टोरेज के सामने राहगीरों ने एक युवती का शव पड़ा देखा।
मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। मृतका ने हरे रंग की कुर्ती और काले रंग का पायजामा पहन रखा था।
राहगीरों की सूचना पर डीसीपी सत्यजीत गुप्ता, एडीसीपी शिवा सिंह, एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह सहित समस्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं और आसपास के थानों में गुमशुदगी की सूचना खंगाली जा रही है।
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि युवती की उम्र 28 से 30 वर्ष के बीच में प्रतीत हो रही है शरीर में कही भी चोट के निशान नहीं मिले है मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
2026-11-06











