नई दिल्ली – भारत मौसम विज्ञान विभाग, आईएमडी ने पूर्वानुमान लगाया है कि अगले चार दिनों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहने की संभावना है।मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए 18 जुलाई और हिमाचल प्रदेश के लिए 17 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अगले चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले पांच दिनों के दौरान मध्य और आसपास के पूर्वी भारत में सक्रिय मानसून की स्थिति बनी रहने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत में वर्षा की गतिविधि में धीरे-धीरे कमी आएगी और पश्चिमी तट पर वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होगी।
इस बीच, आज शाम राष्ट्रीय राजधानी में आंधी और बिजली के साथ भारी बारिश हुई, जिससे यातायात बाधित हुआ और जलभराव हो गया।
मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भविष्यवाणी की थी।
केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक शाम सात बजे यमुना नदी का जलस्तर 206.87 मीटर था।