सीसीटीवी फुटेज से गैंगवार का खुलासा आधे घंटे तक चला था दोनों गुटों में बवाल, सेल्स मैनेजर के फोन करने पर पहुंचे थे हमलावर!

रविशंकर सिंह की रिपोर्ट
रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर हरचंदपुर थाना क्षेत्र के डिडौली गांव के पास दो गुटों के बीच गैंगवार हुआ था। असलहों से 10 से 12 राउंड हवाई फायरिंग के साथ दोनों तरफ से ईंट-पत्थर चले और मारपीट हुई। पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज से बृहस्पतिवार को घटना का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि महिंद्रा एजेंसी के सेल्स मैनेजर मनीष गुप्ता के फोन करने पर हमलावर मौके पर पहुंचे थे।

हाईवे पर करीब आधे घंटे तक चले बवाल से राहगीरों में दहशत फैल गई। पुलिस अब तक किसी हमलावर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। डिडौली गांव निवासी आलोक सिंह गांव से कुछ दूरी पर स्थित महिंद्रा एजेंसी में सेल्समैन हैं। घटना वाले दिन शाम चार बजे आलोक और गांव निवासी जयदीप सिंह अपने-अपने चार पहिया वाहनों से एजेंसी की ओर जा रहे थे। गांव के पास चार पहिया वाहनों से पहुंचे हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। जयदीप को ईंट मारकर घायल कर दिया गया, जबकि आलोक की पिटाई कर जानमाल की धमकी दी गई।

आलोक की तहरीर पर देर रात महिंद्रा एजेंसी के सेल्स मैनेजर मनीष गुप्ता, अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ टेकारी, पंकज यादव, कुंदन यादव और दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया गया कि कुंदन चार पहिया वाहन खरीदने एजेंसी पहुंचा था। गाड़ी में खराबी को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों गुट आमने-सामने आ गए। सीसीटीवी फुटेज और जांच में दोनों पक्षों के बीच पथराव और मारपीट की पुष्टि हुई है।

सेल्स मैनेजर व सेल्समैन के बीच पुराना मनमुटाव

पुलिस के अनुसार, महिंद्रा एजेंसी में काम करने वाले मैनेजर मनीष गुप्ता और सेल्समैन आलोक सिंह के बीच काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। वाहन खरीदने के दौरान मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया और हाईवे पर बवाल हो गया। सूत्रों का दावा है कि घटना के बाद पुलिस ने मैनेजर महेश गुप्ता को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया, हालांकि पुलिस ने उसे छोड़ने से इनकार किया है। घटना के बाद से क्षेत्रीय लोगों में दहशत है।

टेकारी समेत अन्य लोगों को फोन कर मौके पर बुलाया था, जिसके बाद बवाल हुआ। रायबरेली शहर निवासी अभिषेक हिस्ट्रीशीटर है। लखनऊ निवासी कुंदन यादव के खिलाफ भी कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। इसकी जांच कराई जा रही है।

सीओ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरचंदपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *