लखनऊ। 2024 लोकसभा चुनाव को भारतीय जनता पार्टी और सभी राजनीतिक दल अपनी अपनी तैयारियों में जुटे हैं। वहीं किस सीट पर कौन सा प्रत्याशी फिट बैठ रहा है।इसको लेकर लेकर राजनीतिक समीकरणों के साथ-साथ जातीय समीकरण भी निर्धारित किए जा रहे हैं।अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर प्रयागराज सीट एक बार फिर चर्चा में है।सिनेमा और राजनीति का चोली और दामन की तरह साथ है।इस सीट से सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के बेटे फिल्म स्टार अभिषेक बच्चन 2024 के लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं।समाजवादी पार्टी अभिषेक बच्चन को प्रयागराज से चुनाव लड़ा सकती है।
हालांकि स्वराज सवेरा इस तरह की किसी भी चर्चा की पुष्टि नहीं करता है।अब सपा के मीडिया सेल ने अभिषेक बच्चन के चुनाव लड़ने संबंधी ट्वीट पर सफाई देते हुए कहा कि सपा के पास बहुत से मजबूत दावेदारों की लंबी लाइन लगी हुई है। प्रयागराज से सपा बहुगुणा परिवार के ही किसी सदस्य को पार्टी सिंबल पर लड़ाने का विचार कर रही है। पूरे यूपी में भाजपा के सामने मजबूत प्रत्याशी उतारे जाएंगे।सपा की मजबूती के कारण तमाम भाजपा नेतागण भी सपा से टिकट के दावेदार हैं।
बताते चलें कि प्रयागराज सीट पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है।यहां से रीता बहुगुणा जोशी सांसद हैं।अभिषेक बच्चन के पिता सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी प्रयागराज से सांसद रह चुके हैं। अभिषेक बच्चन की मां सपा से राज्यसभा की सांसद हैं।अमिताभ बच्चन का जन्म प्रयागराज में हुआ था।अमिताभ बच्चन के पिता डॉ. हरिवंश राय बच्चन प्रसिद्ध हिन्दी कवि थे। अमिताभ, हरिवंश राय बच्चन के दो बेटों में सबसे बड़े हैं। उनके दूसरे बेटे का नाम अजिताभ है।वहीं 1984 में अभिनय से ब्रेक लेने के बाद अमिताभ बच्चन ने अपने पुराने मित्र राजीव गांधी के सपोर्ट में राजनीति में एंट्री की थी। अमिताभ बच्चन ने 1984 में प्रयागराज सीट पर चुनाव लड़कर पूर्व मुख्यमंत्री और तत्कालीन दिग्गज नेता हेमवती नंदन बहुगुणा को करारी हार दी थी,लेकिन कार्यकाल पूरा करने से पहले ही अमिताभ बच्चन ने इस्तीफा दे दिया था।
बता दें कि प्रयागराज उत्तर प्रदेश का सबसे अधिक विधानसभा वाला शहर है। 16 अक्टूबर 2018 को इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज कर दिया गया। प्रयागराज में 12 विधानसभाएं हैं।इसमें से 9 पर भारतीय जनता पार्टी, 2 पर बहुजन समाज पार्टी और एक पर समाजवादी पार्टी का कब्जा है,लेकिन बसपा के दोनों विधायकों ने अब साइकिल की सवारी कर ली है।यहां इलाहाबाद और फूलपुर नाम से दो संसदीय क्षेत्र हैं।











