कानपुर, 17 अप्रैल। भीषण गर्मी के बीच सामाजिक सरोकार और पत्रकार एकता का संदेश देते हुए ऑल इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन (आईरा) द्वारा अपने संस्थापक स्वर्गीय पुनीत निगम की पांचवीं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शहर के व्यस्ततम घंटाघर चौराहे पर विशाल शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों राहगीरों को गर्मी से राहत पहुंचाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत आईरा प्रेस क्लब के पदाधिकारियों द्वारा स्व. पुनीत निगम के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष फैसल हयात, जिला अध्यक्ष एस.पी. विनायक, जिला महामंत्री सूरज कश्यप तथा मंडल उपाध्यक्ष बाल कृष्ण साहू सहित कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में स्व. निगम के पत्रकारिता के प्रति समर्पण, संघर्ष और पत्रकारों के अधिकारों के लिए किए गए कार्यों को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि स्व. पुनीत निगम ने अपना संपूर्ण जीवन पत्रकारों की एकता और उनके हितों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उनका योगदान आज भी पत्रकार समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। कार्यक्रम के दौरान शरबत और मिष्ठान वितरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जो मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक रहा।
इसके बाद आईरा प्रेस क्लब के सभी सदस्यों एवं शहर के अन्य पत्रकारों ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पूरे आयोजन में सेवा भाव और एकजुटता का संदेश साफ नजर आया। राहगीरों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों और स्थानीय लोगों की भागीदारी रही।
2026-04-18











