रिपोर्ट – संजय सिंह
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सात मोटरसाइकिलें, करीब 25 लीटर डीजल, चोरी में इस्तेमाल की गई सफेद स्कॉर्पियो, तीन अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा पांच खाली जरीकेन, पेचकस, मापक जग, पाइप लगी फनल, तीन मोबाइल फोन और 1,800 रुपये नकद मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक सिंह (24) निवासी रहनस, थाना महाराजपुर, सौरभ सिंह (23) निवासी हृदयखेड़ा, थाना नरवल और हिमांशु सिंह (27) निवासी मवइया, थाना महाराजपुर, कानपुर नगर के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ महाराजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर के दो और 12 बोर का एक तमंचा बरामद किया है। इसके साथ 315 बोर के 11 जिंदा कारतूस, 12 बोर के दो जिंदा कारतूस और 315 बोर के नौ खोखा कारतूस भी मिले हैं। घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो बरामद की।
पुलिस के अनुसार, सौरभ सिंह और हिमांशु सिंह के खिलाफ पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया की गई।
2026-10-15











