रविशंकर सिंह की रिपोर्ट
रायबरेली। नगर पालिका के राजस्व विभाग में दुकान की फाइल गायब होने के मामले में बाबू सुनील कुमार से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। प्रकरण की जांच के लिए कर निर्धारण अधिकारी ललितेश कुमार सक्सेना की अगुवाई में तीन सदस्यीय टीम बनाई गई है। तीन दिन में जवाब न देने पर बाबू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है।
शहर के निराला नगर निवासी रमेशचंद्र मिश्रा ने डीएम से शिकायत की थी कि घंटाघर के पास उनकी कॉपी-किताब की दुकान है। दुकान से संबंधित मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए उन्हें दुकान की फाइल की प्रति चाहिए थी। इसके लिए वह नगर पालिका के राजस्व विभाग में संबंधित बाबू के पास गए।
आरोप है कि फाइल की प्रति के लिए उन्हें 16 बार दौड़ाया गया। इसके बाद फाइल गायब होने की बात कहकर लौटा दिया गया। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ईओ को बाबू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए थे।
ईओ ने बताया कि तीन दिन में जवाब न मिलने पर डीएम के आदेश के तहत बाबू सुनील कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जांच टीम में कर निर्धारण अधिकारी ललितेश कुमार सक्सेना, कर अधीक्षक अनिरुद्ध सिंह और राजस्व निरीक्षक राहुल कुमार शामिल हैं। टीम को जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।
2026-10-17











