देवा निषाद
*कानपुर।* महाराजपुर थाना क्षेत्र के सिकटिया गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने 12 साल के मासूम किशोर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
*सिकटिया बाजार के पास हुआ हादसा*
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सिकटिया बाजार के पास हुआ। मृतक किशोर की पहचान सिकटिया गांव निवासी सचिन गोस्वामी (12) के रूप में हुई है।
*खेत से लौट रहा था सचिन*
सचिन के पिता राम शरण ने बताया कि उनका बेटा सुबह करीब 10 बजे खेत में ट्यूबवेल देखने गया था। ट्यूबवेल देखकर जब वह वापस घर लौट रहा था, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सचिन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
*परिवार में मातम*
सचिन के परिवार में पिता राम शरन जो खेती-किसानी का काम करते हैं, माता कौशल्या, बड़ा भाई लवकुश और सबसे छोटा भाई है। सचिन परिवार में मंझला बेटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
*पुलिस जांच में जुटी*
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सचिन को तुरंत मान्यवर कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपी वाहन का पता लगाया जा सके।
2026-11-13











