संवाददाता:- अजय पांडे प्रयागराज
कमिश्नरेट प्रयागराज सहायक पुलिस आयुक्त बारा कार्यालय के सामने भारतीय किसान यूनियन (आजाद हिंद) के बैनर तले किसानों का अन्न-जल त्याग आंदोलन लगातार जारी है। किसानों का आरोप है कि अवैध खनन,राखड़ परिवहन और ओवरलोड वाहनों के खुलेआम संचालन के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं,जिससे क्षेत्र में माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। किसानों का कहना है कि कई बार ज्ञापन और शिकायत देने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी उपेक्षा से आक्रोशित होकर किसान कड़ाके की ठंड में भी खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे हैं और अन्न-जल त्याग कर प्रशासन का ध्यान खींचने का प्रयास कर रहे हैं। धरनास्थल पर मौजूद किसान नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक कोई सक्षम अधिकारी मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान और अवैध खनन व परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने का आश्वासन नहीं देता, तब तक यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर आंदोलन को कितनी गंभीरता से लेता है या किसानों को यूं ही ठंड में संघर्ष करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।












