संवादाता अजय पांडे प्रयागराज
प्रयागराज। जनपद के यमुनानगर बारा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत थाना लालापुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज और रहस्यमयी हत्या का मामला सामने आया,जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।ग्राम सभा चकशिवचेर के मौजा मदुरी में पूर्व सीआईडी इंस्पेक्टर राम रतन मिश्रा (77 वर्ष) की अज्ञात हमलावरों ने बेहद निर्ममता से हत्या कर दी।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मकान के पीछे बने रास्ते से फरार हो गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।घटना का खुलासा सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे उस समय हुआ,जब मृतक की नातिन यशी मिश्रा नाश्ता लेकर घर पहुंची। मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। यशी ने अपने बाबा को फोन किया,लेकिन मोबाइल फोन बंद मिला। आशंका गहराने पर उसने अपने भाई प्रवीण मिश्रा को सूचना दी। करीब 10 बजे प्रवीण मौके पर पहुंचे तो मकान का पिछला दरवाजा खुला हुआ मिला,जबकि सामने से घर पूरी तरह बंद था—यहीं से हत्या की साजिश की परत-दर-परत मामला खुलना शुरू हुआ। घर के भीतर दाखिल होने पर कोई जवाब नहीं मिला। दूसरे कमरे में पहुंचते ही फर्श पर फैला खून इस बात की गवाही दे रहा था कि यहां जबरदस्त संघर्ष हुआ है। आगे वाले कमरे में पूर्व सीआईडी इंस्पेक्टर राम रतन मिश्रा का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। जिस तरह से घर के अंदर खून फैला था,उससे हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सूचना मिलते ही लालापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी बारा निकिता श्रीवास्तव स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहीं और हर पहलू से जांच के निर्देश दिए। फोरेंसिक जांच टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू किया। जांच के दौरान घर में कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे पाए गए, जिनका डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) पुलिस ने कब्जे में लेकर फुटेज की गहन जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष,पारदर्शी और त्वरित जांच की मांग करने लगे। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व सीआईडी अधिकारी की हत्या साधारण वारदात नहीं हो सकती,इसके पीछे कोई गहरी साजिश जरूर है। मौके पर एसीपी बारा,थाना लालापुर,थाना बारा,थाना शंकरगढ़ सहित भारी पुलिस बल तैनात रही। डीसीपी यमुनानगर विवेक चंद यादव ने बताया कि पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और सभी संभावित कोणों से जांच चल रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावरों को लेकर कोई आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। सवाल यह है कि पूर्व सीआईडी इंस्पेक्टर के घर में घुसकर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने की हिम्मत किसने और क्यों की?क्या यह व्यक्तिगत रंजिश है,लूट के इरादे से की गई हत्या, या फिर अतीत से जुड़ा कोई दबा हुआ राजइन तमाम सवालों के जवाब फिलहाल पुलिस की जांच के साथ ही सामने आना बाकी हैं।











