दबंगो ने हिंदुस्तान अखबार के पत्रकार व उनके भाइयों पर किया जानलेवा हमला, जिला अस्पताल रेफर!

Zameer Ahmad

दबंगो ने हिंदुस्तान अखबार के पत्रकार व उनके भाइयों पर किया जानलेवा हमला

दुकान में घुसकर किए गए हमले में पत्रकार हुआ लहूलुहान, जिला अस्पताल रेफर

जमीनी विवाद की पुरानी रंजिश से खार खाए दबंगो ने दिया घटना को अंजाम

मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी पुलिस

रुदौली अयोध्या- कोतवाली रुदौली क्षेत्र के भेलसर पुलिस चौकी अंतर्गत रुदौली रोड भेलसर चौराहा पर शुक्रवार शाम दबंगों ने एक पत्रकार पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पत्रकार मो आसिफ समेत उनके भाई सलीमुद्दीन और मो समीर घायल हो गए। तीनो घायलों को सीएचसी रुदौली भेजा गया। जहां पत्रकार के माथे पर गहरी चोट लगने से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर में पांच नामजद व चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे ग्राम भेलसर निवासी पत्रकार मो आसिफ अपनी दुकान पर मौजूद थे। तभी गांव के ही विपक्षी मो आलम, शाहबाज, अरबाज अहमद, मो अहमद, मो असलम सहित चार अज्ञात लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया।आरोप हैं कि विरोध करने पर आरोपियों ने दुकान में घुसकर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। हमले में पत्रकार आसिफ को गंभीर चोटें आईं। जबकि उनके भाई सलीमुद्दीन और मो समीर भी घायल हो गए। मौके पर अफरा- तफरी मच गई। और हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पत्रकार आसिफ की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।पीड़ित पक्ष का कहना है कि पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो सकती है। उन्होंने पुलिस से फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली रुदौली पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी नामजद व अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले में दोनों पक्षों के सात लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान किया गया है।

-हमले के बाद क्रॉस मुकदमा दर्ज होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

भेलसर चौराहा पर दबंगों द्वारा दुकान पर पहुंचकर पत्रकार और उसके भाइयों पर हमला करने के मामले में अब पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। आरोप है कि बेखौफ हमलावरों ने पहले दुकान में घुसकर पत्रकार व उसके भाइयों को लहूलुहान कर दिया और बाद में उन्हीं के खिलाफ तहरीर भी दे दी।पुलिस के मुताबिक दूसरे पक्ष के मो असरफ पुत्र मो असलम ने भी तहरीर देकर गंभीर रूप से घायल आसिफ, अब्दुल्ला, सलीमुद्दीन व फैसल पर मारपीट, गाली-गलौज व धमकी का आरोप लगाया। जिसके आधार पर चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक पक्ष के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पुलिस द्वारा क्रॉस मुकदमा दर्ज करना निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है। दोनों पक्षों के बीच पुराने जमीनी विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है।मामले में लोगों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वही सीओ आशीष निगम ने कहा मामले की जांच करवाई जा रही है। जो सही होगा वही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *