लखनऊ, 24 अप्रैल। उत्तर प्रदेश में
गुरुवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजों का ऐलान होते ही उत्सव का माहौल बन गया। दुनिया की सबसे बड़ी परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही तमाम ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी सामने आए जिन्होंने ना सिर्फ अपने स्कूल व काॅलेज का नाम रोशन किया बल्कि अपने जिले और प्रदेश का भी गौरव बढ़ाया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में
उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों एवं परिजनों सहित क्षेत्रवासियों ने भी परीक्षा में अच्छे अंक लाने पर बधाई दी।इसी कड़ी में राजधानी लखनऊ के अमीनाबाद गंगा प्रसाद रोड स्थित महिला विद्यालय इंटर कॉलेज की छात्रा ऐमन सलीम ने यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में 68.33 प्रतिशत अंक प्राप्त करके कड़ी मेहनत,लगन और नियमित पढ़ाई करने का परिचय दिया है।जिसके बाद ऐमन को हाईस्कूल परीक्षा में प्रथम स्थान लाने पर पिता मोहम्मद सलीम,माता फरज़ाना परवीन और बड़ी बहन अनमता सहित सभी शिक्षिकाओं ने बधाई दी।
अमीनाबाद निवासी ऐमन ने बताया कि वे इसी तरह कड़ी मेहनत और लगन से आगे भी अपनी पढ़ाई जारी रखेगी और उनका सपना भविष्य में सीआईडी आफिसर बनकर देश की सेवा करना है।
2026-04-24











