कानपुर – दानिश खान
कानपुर। बहुचर्चित हिंदी फीचर फिल्म “समर्पित : फादर्स लव” की पूरी स्टारकास्ट मंगलवार को कानपुर पहुंची, जहां एक निजी गेस्ट हाउस में मीडिया से रूबरू होकर फिल्म से जुड़ी खास बातें साझा की गईं। फिल्म के लेखक-निर्देशक एक्सान खान ने बताया कि यह फिल्म एक पिता के संघर्ष, त्याग और अपने बच्चों के प्रति समर्पण की भावुक एवं प्रेरणादायक कहानी पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में जहां पारिवारिक रिश्तों में दूरियां बढ़ रही हैं, वहीं यह फिल्म समाज को परिवार और पिता के महत्व का संदेश देगी। फिल्म में दिखाया गया है कि एक पिता किस तरह अपने बच्चों की खुशियों और भविष्य के लिए हर कठिनाई का सामना करता है।
प्रेसवार्ता के दौरान फिल्म की स्टारकास्ट ने बताया कि फिल्म की कुल कमाई का 50 प्रतिशत हिस्सा कैंसर पीड़ित मरीजों के इलाज और जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए दान किया जाएगा। इस पहल की मौजूद लोगों ने सराहना की।
फिल्म में जया भट्टाचार्य, जावेद हैदर, प्रसिंका शर्मा, देव व्यास सहित कई कलाकार नजर आएंगे, जबकि मशहूर गायक शाहिद माल्या ने अपनी आवाज दी है। मीडिया से बातचीत में कलाकारों ने कहा कि फिल्म सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि समाज को भावनात्मक संदेश देने का भी काम करेगी।
निर्देशक एक्शान खान ने बताया कि फिल्म 19 जून 2026 फादर्स डे के दो दिन पूर्व को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उन्होंने लोगों से परिवार के साथ फिल्म देखने और अपने माता-पिता का सम्मान करने की अपील की।
2026-05-27











