यमुनानगर क्षेत्र में मातम,एक गंभीर रूप से घायल,पुलिस जांच में जुटी!
संवाददाता :- अजय पांडे
लालापुर,प्रयागराज। यमुनानगर क्षेत्र के बारा तहसील अंतर्गत थाना लालापुर क्षेत्र के सुपारी बाग में बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार,दुर्घटना में विजय कुमार उर्फ गुड्डू हरिजन (अट्ठाईस वर्ष) पुत्र राम नगीना हरिजन, निवासी ग्राम सभा पंडुवा प्रतापपुर,थाना लालापुर की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं उनके साथ मौजूद दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया,जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना लालापुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। आपातकालीन चिकित्सा सेवा की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार के लिए रवाना किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन से जुड़ा मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार,सुपारी बाग मार्ग पर यातायात के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।











