महाराजपुर :- संजय सिंह
हाथीपुर में गोलू सिंह हत्याकांड: आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महाराजपुर थाने पर प्रदर्शन; NH- 2 जाम करने का किया प्रयास, एसीपी ने कार्रवाई का दिया आश्वासन, 2 घंटे बाद परिजन घर लौटे
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीपुर गांव निवासी 28 वर्षीय गोलू सिंह हत्याकांड को लेकर रविवार को ग्रामीणों, परिजनों और विश्व हिंदू परिषद (VHP) कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों लोग हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर महाराजपुर थाने पहुंचे और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी पर नाराजगी जताते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। साथ ही, पुलिस पर आरोपियों से 25-25 लाख रुपये लेकर उन्हें छोड़ने का आरोप भी लगाया।
*थाने का घेराव, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी*
रविवार को हाथीपुर गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण, मृतक के परिजन और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता महाराजपुर थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को बचाने का काम कर रही है।
थाने के बाहर भारी भीड़ जुटने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए विभिन्न पुलिस चौकियों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर तैनात किया गया। महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करते रहे।
*हाईवे जाम करने का प्रयास, हालात हुए तनावपूर्ण*
प्रदर्शनकारियों का आक्रोश बढ़ता गया और सैकड़ों लोग थाने के बाहर नारेबाजी करते रहे। इस दौरान कुछ लोगों ने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई।
इसी बीच परिजनों और ग्रामीणों ने कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही रोक दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
*एसीपी पहुंचे मौके पर, दिया कार्रवाई का आश्वासन*
सूचना मिलने पर एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब दो घंटे तक चला प्रदर्शन समाप्त हुआ और लोग वापस लौट गए।
*ACP ने दी जानकारी*
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि मृतक के परिजन घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने आए थे।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी बताया कि मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है। एक नामजद आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर उसके परिजन और ग्रामीण भी थाने पहुंचे थे, जिनका कहना था कि उनके अनुसार उक्त व्यक्ति की घटना में कोई संलिप्तता नहीं है।











