Sanjay Singh
कानपुर। सरसौल क्षेत्र के हाथीपुर गांव में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से पोषण पंचायत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कुपोषण को समाप्त करने के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और छह वर्ष तक के बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पोषण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। ग्रामीणों को कुपोषण की रोकथाम के उपायों से अवगत कराया गया और बच्चों व महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
2026-08-01











