कन्नौज के तिर्वा थाना क्षेत्र के बेहरिन गांव में हुई प्रवेश दुबे की हत्या पुलिस ने किया खुलासा आरोपी ब्रजमोहन सिंह को किया गिरफ्तार!

संवाददाता – निशा राजपूत

कन्नौज के तिर्वा थाना क्षेत्र के बेहरिन गांव में हुई 60 वर्षीय प्रवेश दुबे की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के मामले में गांव के ही करीब 60 वर्षीय ब्रजमोहन सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित कुल्हाड़ी और कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम की मदद से मामले का खुलासा हुआ है।

दरअसल, 18 सितंबर की रात बेहरिन गांव में प्रवेश दुबे घर के बाहर पशुओं के पास टीन शेड के नीचे सो रहे थे। इसी दौरान धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई थी। सूचना मिलने के बाद तिर्वा पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने ब्रजमोहन सिंह समेत अन्य आरोपियों और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। घटना के खुलासे के लिए स्थानीय पुलिस के साथ SOG और सर्विलांस टीम को लगाया गया था।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आज ब्रजमोहन सिंह को उसके खेत में लगे ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि गांव की एक महिला और मृतक को बातचीत करते देखने के बाद उसे शक हुआ था। पुलिस के अनुसार, इसी शक के चलते उसने रात में मृतक पर कुल्हाड़ी से हमला किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खेत से रक्तरंजित कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
वहीं, घटना के खुलासे में डॉग स्क्वॉड की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए कानपुर परिक्षेत्र के डीआईजी यमुना प्रसाद ने टीम को 10 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *