चोरी और छिनैती के दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल, नकदी व कान का टप्स बरामद!

Sanjay singh

कानपुर के नरवल थाना क्षेत्र में चोरी और छिनैती की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार को एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि छह अक्टूबर की मध्यरात्रि करबिगवां फ्लाईओवर के पास से नौशाद उर्फ अयूब मुन्ना (22) पुत्र जुल्फिकार निवासी कुंवरपुर, औखरा, थाना मलवां, फतेहपुर और अजय उर्फ शुभम (31) पुत्र स्व. रामसुमेर रैदास निवासी गिरजानगर गदियाना, थाना चकेरी को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी में आरोपियों के पास से पीली धातु का एक कान का टप्स, मोबाइल फोन और 3,040 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आरोपी कार से दिन में क्षेत्र की रेकी करते थे और रात में चोरी व छिनैती की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह का मास्टरमाइंड धीरज सोनकर बताया गया है।

पूछताछ में नौशाद ने बताया कि उसने अजय और धीरज के साथ 22 जून को पारा गांव से छह बकरियां चोरी की थीं। बकरियां बेचकर मिली रकम को तीनों आपस में बांट लेते थे। 17 सितंबर को नौशाद ने धीरज के साथ बरादरी गांव में घर के बाहर सो रही महिला के बाएं कान से टप्स छीन लिया था। इसी गांव में एक महिला के घर चार्जिंग पर लगा मोबाइल भी चोरी किया था।

पुलिस ने धीरज सोनकर (22) को चार अक्टूबर को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार बरामद की थी। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ कानपुर और फतेहपुर के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट और लूट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। थाना प्रभारी नरवल अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिस और सर्विलांस टीम ने कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *