सरयू नदी की सोती में नाना-नाती डूबे, नाती को बचाने में नाना भी डूबे, मचा हड़कंप!

भैंस नहलाने के दौरान हुआ हादसा, सूचना पर पहुंचे रुदौली विधायक, एसडीएम व सीओ रुदौली!
एसडीआरएफ की दो नावें, पनडुब्बी व गोताखोरों ने शुरू की तेज़ तलाश!
हादसे पर परिजनों से मिलकर विधायक रामचंद्र यादव ने जताया गहरा दुःख!
इस दुःखद घड़ी में, मैं परिजनों के साथ खड़ा हूं : रामचंद्र यादव

रुदौली-अयोध्या। Zameer Ahmad

कोतवाली रुदौली क्षेत्र के शुजागंज पुलिस चौकी अंतर्गत तराई इलाके में बुधवार को सरयू नदी की सोती में भैंस नहलाने गए नाना और नाती के डूबने से हड़कंप मच गया। नाती को डूबता देखकर उसे बचाने के प्रयास में नाना भी गहरे पानी में चले गए। और दोनों नदी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीआरएफ की दो नाव, पनडुब्बी व गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कर दी गई है। गोताखोरों के साथ जाल डालकर भी दोनों की तलाश की जा रही है।जानकारी के मुताबिक रुदौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पसैया के सामने सरयू नदी की सोती में करीब 60 वर्षीय जगराम अपने नाती शिवा के साथ भैंस नहलाने गए थे। इसी दौरान शिवा अचानक गहरे पानी में चला गया। और डूबने लगा। नाती को डूबता देख जगराम उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में समा गए। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। वही सूचना पाते ही रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, एसडीएम रुदौली विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय गुप्ता व सीओ रुदौली अरविंद सोनकर समाज सेवी सत्यप्रकाश यादव अपने रुदौली पुलिस व प्रशासनिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। और अधिकारियों की मौजूदगी में एसडीआरएफ की टीम, पनडुब्बी व गोताखोरों को नदी में उतारा गया। और दोनों की तलाश शुरू कराई गई। वही इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। और उनके गांव के ग्रामीण भी नदी के किनारे जुटे हुए हैं। और सभी की नज़रें नदी की ओर है। और नाना-नाती के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन की निगरानी में गोताखोर लगातार दोनों की तलाश में जुटे हैं। लेकिन देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका। विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि दोनों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। इस दुख की घड़ी में, मैं परिजनों के साथ खड़ा हूं।और पीड़ित परिवार को प्रशासन और शासन स्तर से हरसंभव मदद दिलाई जाएगी। एसडीआरएफ की दो नाव और पनडुब्बी की मदद से नदी के गहरे हिस्सों में तलाश की जा रही है। गोताखोर जाल डालकर भी दोनों को खोज रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि नाना-नाती के सरयू में डूबने की सूचना मिली। मौके पर पहुँचकर गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से दोनों की तलाश कराई जा रही है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। और दोनों को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *