रुदौली नगर पालिका क्षेत्र में गंदगी, जलभराव व छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर डीएम से शिकायत!

रुदौली (अयोध्या) Zameer Ahmad

नगर पालिका परिषद रुदौली क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, जलभराव और छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष मोहम्मद तारिक रुदौलवी ने तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी के नाम शिकायती पत्र सौंपा है । उन्होंने आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर में साफ-सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। शिकायती पत्र में कहा गया कि नगर के कई मोहल्लों में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर सड़कों व सार्वजनिक जगहों पर गंदगी के साथ ही छुट्टा पशुओं के घूमने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने की बात कही गई है। मोहम्मद तारिक रुदौलवी ने आरोप लगाया कि नगर की सफाई व्यवस्था पर जिम्मेदार अधिकारियों की पर्याप्त निगरानी नहीं होने से समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर नगर में विशेष सफाई अभियान चलाने, नालियों की नियमित सफाई कराने, जलभराव वाले स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था करने और छुट्टा पशुओं के लिए उचित इंतजाम किए जाने की जरूरत है।उन्होंने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर नगर पालिका प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है। अब देखना है कि शिकायत के बाद जिलाधिकारी स्तर से नगर की सफाई, जलभराव और छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *