इन्द्री, 26 जनवरी (बिन्दर शर्मा) 73वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अनाज मंडी इन्द्री में उपमण्डल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया जिसमें उपमण्डलाधीश सुमित सिहाग ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली तथा मार्च पास्ट का निरीक्षण किया। उपमण्डलाधीश सुमित सिहाग ने कहा कि मैं इस पावन अवसर पर 73वें गणतंत्र दिवस की प्रशासन की ओर से उपमंडल इंद्री के नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं तथा देश की आजादी के लिये अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व आज समूचे देश में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत ने 26 जनवरी 1950 को अपना संविधान अपनाया था और उसके बाद भारत एक प्रभुत्व सम्पन्न, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष गणराज्य बना। भारत रत्न डा.भीमराव अम्बेडकर द्वारा रचित भारतीय संविधान विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान कहलाता है।
आज हम आजादी के खुले वातावरण में गणतंत्र की खुशबू से सराबोर है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि आजादी की कीमत चुकाने के लिये हमारे देश के कितने असंख्य रणबांकुरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। आजादी के बाद जब-जब भी देश पर कोई संकट आया तो सभी ने एक जुट होकर देश की एकता और अखण्डता को बनाए रखा। भारतीय सेनाओं ने अदम्य साहस और अद्भूत शौर्य का परिचय देकर हमेशा देश का मस्तक ऊंचा रखा और तिरंगे झण्डे पर किसी भी तरह की आंच नहीं आने दी। हरियाणा प्रदेश के वीर जवान भी कुर्बानी देने के लिए सबसे आगे वाली पंक्ति में खंडे नजर आते हैं। इतना ही नहीं आज भारतीय सेना में हर दसवां जवान हरियाणा प्रदेश का है, यह हम सभी के लिए गौरव की बात हैं। आजादी के बाद भारत देश ने हर क्षेत्र में तरक्की की है। कभी देश को छोटी-छोटी चीजों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब सूई से लेकर हवाई जहाज तक हमारे देश में बनाए जाते है। किसानों की कड़ी मेहनत की बदौलत आज देश में अन्न के गोदाम भरे पडे है। भारत देश हर क्षेत्र में प्रगति के नये-नये आयाम स्थापित कर रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से भी आज पूरी दुनिया में भारत की सेना का लोहा माना जाता है। यों कहिए कि आज भारत देश विश्व में तीसरी शक्ति के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आह्वान पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान पूरे देश में एक जन आन्दोलन का रूप ले चुका है। इस अभियान की सफलता के परिणाम हरियाणा प्रदेश में स्पष्ट दिखाई दे रहे है। अब प्रदेश का लिंगानुपात बढ़कर 900 का आंकडा पार कर गया हैं।
73वें गणतंत्र दिवस समारोह में मार्च पास्ट में पुलिस की टुकडी प्रथम, एनसीसी लडकियों की द्वितीय व एनसीसी लड़कों की तृतीय स्थान पर रहीं। मुख्यातिथि द्वारा सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों एवं उत्कृष्टï कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अंग्रेज सिंह मोर, नगर पालिका सचिव मोहित कुमार,खंड शिक्षा अधिकारी राममूर्ति शर्मा, खंड कृषि अधिकारी डॉ. अश्विनी काम्बोज,थाना प्रभारी सतपाल सिंह, जेई वीरेन्द्र धीमान, कृषि अधिकारी डॉ. सचिन कुमार, उपमंडलाधीश कार्यालय के अधीक्षक मुकेश कुमार शर्मा, उधान विभाग के सुपरवाईजर शुभ काम्बोज, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सुमेर चन्द काम्बोज, चरणसिंह मढान, रधुबीर सिंह बतान, भाजपा मंडलाध्यक्ष अमनदीप सिंह विर्क, अमित खेडा, मोहन संघोई सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा भाजपा नेतागण भी उपस्थित थे।
2022-01-27