कानपुर। थाना कल्याणपुर क्षेत्र से सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो मामले में सोमवार को नया मोड़ सामने आया। बारासिरोही निवासी अमित राठौर ने आईरा प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित कर वायरल वीडियो और उससे जुड़ी खबरों को भ्रामक बताते हुए अपनी सफाई पेश की। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाली मीरा गुप्ता और उनके पुत्र प्रशांत गुप्ता द्वारा पुरानी रंजिश के चलते उनके परिवार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान अमित राठौर ने बताया कि उनका और पड़ोसी मीरा गुप्ता के परिवार का विवाद पिछले लगभग तीन वर्षों से चला आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहल्ले की करीब 20 फीट चौड़ी सड़क पर मीरा गुप्ता द्वारा आधे से अधिक हिस्से में अतिक्रमण कर रखा गया है, जिसका उनके परिवार द्वारा लगातार विरोध किया जाता रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है।
अमित राठौर ने बताया कि बीते दिनों मीरा गुप्ता के पुत्र प्रशांत गुप्ता ने उनकी भांजी के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया था। इसकी जानकारी मिलने पर उनका छोटा भाई प्रशांत के घर शिकायत लेकर गया और मीरा गुप्ता से बेटे को समझाने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान मीरा गुप्ता और उनके पुत्र प्रशांत ने अमित राठौर और उनके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी।
उन्होंने कहा कि घटना के बाद मीरा गुप्ता के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को एकतरफा तरीके से निकालकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे पूरे मामले को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। अमित राठौर का आरोप है कि कुछ मीडिया कर्मियों और पुलिस प्रशासन को भी अधूरी और भ्रामक जानकारी दी गई, जिसके चलते उनके और उनके भाई के खिलाफ गलत खबरें प्रसारित होने लगीं।
प्रेस वार्ता में अमित राठौर ने कहा कि उनके परिवार को लगातार झूठे मामलों में फंसाने और सामाजिक रूप से बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मीरा गुप्ता और उनका पुत्र दबंग प्रवृत्ति के हैं तथा आए दिन उनके परिवार के साथ विवाद और मारपीट करते रहते हैं। अपने आरोपों के समर्थन में अमित राठौर ने प्रेस वार्ता के दौरान कुछ दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी मीडिया के सामने प्रस्तुत किए।
अमित राठौर ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और वायरल वीडियो की वास्तविकता सामने लाने की मांग की है। वहीं, इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
2026-05-11











