
कानपुर:- संवाददाता अन्शु कुमार
“सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा” जनता में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने तथा पुलिस-जनसामान्य के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कानपुर नगर श्री रघुबीर लाल के निर्देशानुसार आज दिनांक 06.02.2026 को घंटाघर चौराहा, कानपुर नगर पर एक विशेष पहल के अंतर्गत पुलिस उपायुक्त लाइन्स श्रीमती शिवा सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी श्रीमती अंजली विश्वकर्मा, प्रशिक्षु आईपीएस श्री सुमेध मिलिंद जाधव, सहायक पुलिस आयुक्त कलक्टरगंज श्री आनंद कुमार ओझा एवं सहायक पुलिस आयुक्त अनवरगंज श्री अभिषेक कुमार राहुल द्वारा पुलिसकर्मियों को “May I Help You” लिखी हुई विशेष जैकेट पहनाकर तैनात किया गया।
इस पहल का उद्देश्य शहर में आने-जाने वाले यात्रियों, विशेषकर रेलवे स्टेशन, बस अड्डों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आने-जाने वाले नए लोगों को आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की पहचान सहज रूप से कराकर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी व्यक्ति बिना संकोच पुलिस से संपर्क कर सके।
> जैसे कि यदि कोई भी व्यक्ति किसी नई जगह या शहर में आता है और उसे किसी स्थान, मार्ग अथवा सार्वजनिक सुविधा के बारे में जानकारी चाहिए, तो वह “May I Help You” लिखी हुई विशेष जैकेट पहने पुलिसकर्मी से निःसंकोच सहायता प्राप्त कर सकता है।
➤ शहर में आने वाले रेलवे स्टेशन, बस अड्डों एवं सार्वजनिक स्थलों पर मौजूद नए यात्रियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
> यदि किसी व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार की अपराध संबंधी घटना घटित होती है अथवा उसकी जानकारी होती है, तो वह तत्काल उक्त पुलिसकर्मी को सूचना देकर पुलिस की सहायता ले सकता है।
> किसी व्यक्ति की कोई वस्तु खो जाने, छूट जाने या गुम हो जाने की स्थिति में भी पुलिस द्वारा आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
> असहाय, बुजुर्ग, महिलाएँ, बच्चे अथवा आवश्यकता में पड़े किसी भी नागरिक को तत्काल सहयोग, मार्गदर्शन एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस पहल के अंतर्गत पुलिसकर्मी जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता, शालीनता एवं तत्परता के साथ सुनकर यथासंभव समाधान सुनिश्चित करेंगे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन जैकेटों के माध्यम से राहगीरों एवं यात्रियों को जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिसकर्मियों की पहचान हो सकेगी, जिससे सहायता प्राप्त करना आसान होगा। यह
पहल पुलिस के संवेदनशील, सहयोगी एवं मानवीय स्वरूप को जनसामान्य के समक्ष प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस प्रयास से पुलिस एवं जनता के बीच संवाद और विश्वास को नई मजबूती मिलेगी तथा आम नागरिक स्वयं को अधिक सुरक्षित एवं आश्वस्त महसूस करेंगे।
कानपुर पुलिस द्वारा भविष्य में भी जनहित एवं जनसुरक्षा से जुड़ी इस प्रकार की सकारात्मक पहलों को निरंतर जारी रखा जाएगा।











